हर फल संजीवनि बूटी है- कैप्टन सरोज सिंह "सैनिक"

जल ही जीवन है जीवों का, बूंद बूंद हर मोती है। 

हर एक पौधा कल्पवृक्ष, हर फल संजीवनि बूटी है।।


पर्यावरण सुरक्षित कर लो ,सब रोगों का हरण करो,

 हर काया हो स्वस्थ निरोगी, उदर सभी का भरण करो,

 जड़ मत काटो किसी जीव की, प्रकृति इसी से रूठी है।

 हर एक पौधा कल्पवृक्ष, हर फल  संजीवनि बूटी है।।



जीवन दान दे रहे हैं तरु,तुम भी उनमें जी डालो,

 पीते तुम भरपेट नीर ,थोड़ा वृक्षों में भी डालो,

 मुरझाए हो जाएं प्रफुल्लित, सांस इसी से टूटी है।

 हर एक पौधा कल्पवृक्ष ,हर फल संजीवनि बूटी है।।


शाश्वत शिव की जटिल जटाएं फैली पर्वतमालाएं,
गंगा जमुना सरस्वती की कल कल निर्मल धाराएं,

जो न जाने वृहत् रूप को, उसकी किस्मत खोटी है।

 हर एक पौधा कल्पवृक्ष, हर फल संजीवनि बूटी है।।


आओ सब मिल शपथ उठाएं, सदा प्रकृति से प्यार करें,

सबकी करें सुरक्षा "सैनिक", जीवों का उद्धार करें,

 हरा भरा कर दें हर उपवन, जगह जहां पर छूटी है।

 हर एक पौधा कल्पवृक्ष, हर फल संजीवनि बूटी है।।


 कैप्टन सरोज सिंह "सैनिक"

कैप्टन चौराहा, द्वारिकापुरी कॉलोनी, लखनऊ 2260 13 

मोबाइल नंबर 76077 18470.




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ