ज्ञान दे कर- डॉ प्रिया सूफ़ी

 ज्ञान दे कर कल सँवारे, अनुभवों की खान है।

नाम है शिक्षक हमारा, राह की पहचान है।


दे दिए कोरे सफे तो, साज सुख अपने तजे,

हल चलाया ज्ञान का जो, शब्द के उपवन सजे,

दोष मिट जाएँ तुम्हारे, बस यही अब ध्यान है...।

नाम है शिक्षक हमारा...!


हम जगाते हैं दिलों में, भावना बलिदान की,

जोत हम ने है जगाई, वीरता के मान की,

हारता अन्धकार हम से, देश का सम्मान हैं...!

नाम है शिक्षक हमारा...!


दे समाजों को दिशा हम, नव विचारों को रचें,

हो भला सबका हमेशा, जन बुराई से बचें,

धुप सहते हैं हमीं अब, छाँव देते दान हैं...!

नाम है शिक्षक हमारा, राह की पहचान है!

डॉ प्रिया सूफ़ी



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ