बिलासपुर। नवीन प्राथमिक शाला, जरहाभाठा, बिलासपुर स्थित कर्मचारी संघ कार्यालय में आज दोपहर कर्मचारी संघ की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री चन्द्रशेखर पांडेय ने की। उन्होंने संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, शिक्षक सम्मान समारोह तथा संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर उपस्थित पदाधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में संगठन की मजबूती, कर्मचारियों के हितों की रक्षा, आपसी समन्वय तथा भविष्य की कार्ययोजना पर सार्थक चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।बैठक में देवेन्द्र ठाकुर (सचिव), कौशल प्रसाद कौशिक (कार्यालय सचिव), दुखुराम श्रीवास, डॉ. शीला शर्मा, रश्मि ध्रुव, सुनील यादव, सूर्यकांत कश्यप (जिला अध्यक्ष, लिपिक संघ) सहित कर्मचारी संघ एवं लिपिक संघ के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एक विशेष अवसर पर एवरग्रीन लेडी पत्रिका द्वारा 12 जुलाई को आयोजित "मिस, श्रीमती, श्री एवं किड्स टैलेंट प्रतियोगिता" के सफल एवं गरिमामय आयोजन की भी मुक्त कंठ से सराहना की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों को दिए गए सम्मान, महिलाओं एवं बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शन का उत्कृष्ट मंच उपलब्ध कराने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की प्रशंसा की।पदाधिकारियों ने आयोजन समिति, विशेष रूप से डॉ. शीला शर्मा एवं एवरग्रीन लेडी पत्रिका की पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, महिलाओं और बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं तथा उनकी प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।बैठक का समापन संगठन की एकता, कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने के संकल्प के साथ किया गया।

0 टिप्पणियाँ